गोंडा में शिक्षा व्यवस्था फेल! स्कूल भवन गिरा, 3 KM दूर पढ़ने को मजबूर मासूम बच्चे।

📰 ग्रामोदय टाइम्स | गोंडा
शिक्षा व्यवस्था की बदहाल तस्वीर: स्कूल भवन गिरा, 75 बच्चे 3 KM दूर पढ़ने को मजबूर
गोंडा जनपद के ग्राम रमईपुर (मल्हीपुर) में शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। गांव का प्राथमिक विद्यालय भवन गिर जाने के बाद करीब 75 मासूम बच्चों की पढ़ाई संकट में पड़ गई है। मजबूरी में बच्चों को रोजाना लगभग 3 किलोमीटर दूर दूसरे विद्यालय जाकर शिक्षा ग्रहण करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार कई बार प्रशासन और शिक्षा विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों की उदासीनता से नाराज़ युवा सामाजिक कार्यकर्ता शुभम संघर्ष शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और “शिक्षा की भीख” मांगकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान उनके हाथों में पोस्टर थे और आंखों में बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता साफ दिखाई दे रही थी। उन्होंने कहा कि अगर सरकार स्कूल निर्माण नहीं कराएगी, तो गांव के लोग चंदा इकट्ठा कर बच्चों के लिए नया विद्यालय बनाएंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्कूल भवन निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इन मासूमों की शिक्षा बचाने के लिए कदम उठाएगा, या फिर बच्चों के सपने यूं ही मलबे में दबे रहेंगे?
📍 संवाददाता : ग्रामोदय टाइम्स, गोंडा
