गौरा विधानसभा को मिली बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय घारीघाट का शिलान्यास, शिक्षा के क्षेत्र में खुलेगा नया अध्याय

बभनजोत (गोंडा)। गौरा विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड बभनजोत अंतर्गत ग्राम घारीघाट में मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना “मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय” का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गोंडा के सांसद श्री कीर्तिवर्धन सिंह ‘राजा भैया’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं आयोजन गौरा के विधायक श्री प्रभात कुमार वर्मा के सौजन्य से संपन्न हुआ।वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं शिलान्यास की प्रक्रिया पूरी की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने भाग लिया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा तथा क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, विकास और जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ‘राजा भैया’ ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। ऐसे विद्यालय ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
