
गोंडा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत गौरा विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। विधायक श्री प्रभात कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इन यात्राओं में क्षेत्रवासियों, युवाओं, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बभनजोत मंडल में गर्ग इंटर कॉलेज से हथियागढ़ बाजार तक तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। वहीं केशवनगर मंडल में किसान इंटर कॉलेज, पिपरा इस्माइल से चम्पानगर होते हुए पुनः किसान इंटर कॉलेज तक तिरंगा यात्रा आयोजित की गई।
तिरंगा यात्रा के दौरान हाथों में लहराता राष्ट्रध्वज और भारत माता के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम को उत्साह और गौरव का स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, त्याग, बलिदान और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना है।
तिरंगा यात्राओं के माध्यम से क्षेत्रवासियों से आह्वान किया गया कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और राष्ट्रध्वज की आन-बान-शान को बनाए रखने के संकल्प के साथ इस अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं।
🇮🇳 हर घर तिरंगा—हर दिल तिरंगा।
ग्रामोदय टाइम्स
गांव, गरीब और किसान की बुलंद आवाज़
