ग्रामोदय टाइम्स ब्यूरो, छपिया (गोंडा)। कानून व्यवस्था को ताक पर रखकर छपिया थाना क्षेत्र में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ शनिवार शाम बनकटवा मेहनिया मोड़ के पास पुरानी रंजिश को लेकर घात लगाए बैठे हमलावरों ने एक युवक पर लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में युवक का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। ग्रामीणों के ललकारने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर ढढौवा और बेलहरी बुजुर्ग के 4 नामजद सहित 6 हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

​प्राप्त विवरण के अनुसार, ग्राम पंचायत बेलहरी बुजुर्ग निवासी सरजू प्रसाद का पुत्र युवराज शनिवार शाम करीब 7 बजे बभना से मजदूरी करके घर लौट रहा था। जैसे ही वह बनकटवा मेहनिया मोड़ के पास पहुंचा, विपक्षी विक्रांत शुक्ला उर्फ दीपक शुक्ला (निवासी ढढौवा मेहनिया), सदानंद पांडेय, उत्कर्ष पांडेय और अभय तिवारी (निवासीगण बेलहरी बुजुर्ग) ने दो अज्ञात साथियों के साथ उसे घेर लिया। जान बचाने के लिए पीड़ित बनकटवा गाँव की तरफ भागा, लेकिन हमलावरों ने उसे सरेराह दबोच लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। लोहे की रॉड और लाठियों के ताबड़तोड़ प्रहार से युवक का सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।

​चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण दौड़े, तो आरोपी दोबारा सामने आने पर जान से मारने की धमकी चमकाते हुए भाग निकले। लहूलुहान हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामले में छपिया पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 131, 115(2), 351(3) और 109(1) के तहत केस दर्ज किया है। मामले की कमान उपनिरीक्षक घनश्याम वर्मा को सौंपी गई है। सरेशाम हुई इस वारदात से इलाके के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लोग आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *