
गोण्डा/छपिया।
छपिया थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और दबोचने के प्रयास के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत यादव पुत्र राम तौल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सोशल मीडिया पर भी घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। मामले में वायरल सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में उसके साथ अभद्रता और जबरन पकड़ने का प्रयास किया गया। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग सक्रिय हुए और वह किसी तरह सुरक्षित बच निकली।
घटना के बाद क्षेत्र में बेटियों की सुरक्षा को लेकर लोगों ने चिंता जताई थी। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस द्वारा आरोपी को जेल भेजे जाने के बाद लोगों ने कार्रवाई का स्वागत किया है, वहीं अन्य आरोपितों या संभावित साजिशकर्ताओं की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
