गोंडा। दिव्यांगजन को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न विकास खण्डों में चिन्हांकन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु पंजीकरण किया जाएगा।
इन शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों तक विभागीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ना तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुसार सहायता सुनिश्चित करना है। शिविरों में विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर आवश्यक उपकरणों के लिए चयन किया जाएगा।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों में 04 मई से 15 मई 2026 तक शिविर आयोजित होंगे। इटियाथोक, रूपईडीह, तरबगंज, बेलसर, वजीरगंज, नवाबगंज, परसपुर, हलधरमऊ, कटरा बाजार, करनैलगंज, मनकापुर, छपिया, बभनजोत, झंझरी, पण्डरी कृपाल एवं मुजेहना विकास खण्डों में निर्धारित तिथियों पर यह शिविर लगाए जाएंगे।
पंजीकरण के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र (ग्राम प्रधान/सांसद/विधायक आदि से प्रमाणित), आधार कार्ड की प्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो आवश्यक होंगे।
विभाग ने जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को शिविर की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित कराएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस महत्वपूर्ण योजना से वंचित न रह जाए।
अधिक जानकारी के लिए संबंधित विकास खण्ड कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
