इंजन फेल होने से बाल-बाल बचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक!मुरादाबाद रनवे पर मची अफरा-तफरी, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा।

0

मुरादाबाद/लखनऊ (ग्रामोदय टाइम्स ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सोमवार को एक बड़े हवाई हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। मुरादाबाद हवाई पट्टी से उड़ान भरते समय उनके सरकारी विमान का एक इंजन अचानक फेल हो गया, जिसके बाद विमान से तेज धुआं निकलने लगा। स्थिति गंभीर होते देख पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को रनवे पर ही रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अमरोहा और संभल जनपद के आधिकारिक दौरे से लौटकर लखनऊ जाने के लिए मुरादाबाद एयरपोर्ट पहुंचे थे। दोपहर बाद जैसे ही विमान ने रनवे पर उड़ान के लिए रफ्तार पकड़ी, तभी जोरदार आवाज के साथ एक इंजन ने काम करना बंद कर दिया। इंजन फेल होते ही विमान के पिछले हिस्से से घना धुआं उठने लगा, जिससे एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन, फायर ब्रिगेड और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं। विमान को आपातकालीन स्थिति में रनवे पर ही रोक दिया गया। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल डिप्टी सीएम समेत विमान में मौजूद अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर वीआईपी लाउंज में पहुंचाया।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, समय रहते तकनीकी खराबी का पता चलने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम इंजन में आई खराबी की जांच में जुट गई है।

घटना के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से पूरी तरह सुरक्षित होने की जानकारी दी और कार्यकर्ताओं से घबराने की जरूरत न होने की अपील की। बाद में वह सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

BreakingNews

UPNews

Lucknow

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed