प्रधान समेत 13 लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्जमारपीट, लूट, जानलेवा हमला और धमकी के आरोप, कादीपुर थाना क्षेत्र का मामला

सुलतानपुर (ग्रामोदय टाइम्स)। जनपद सुलतानपुर के कादीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैया कमौर गांव में मारपीट, लूट, जानलेवा हमला और धमकी देने के आरोप में ग्राम प्रधान सहित 13 नामजद लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता रीना देवी पत्नी पंकज वर्मा निवासी ग्राम सरैया कमौर ने आरोप लगाया है कि 4 अप्रैल 2026 की शाम लगभग 5:30 बजे उनके पति खेत से घर लौट रहे थे, तभी गांव के कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट की तथा बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई।
एफआईआर के मुताबिक, हमले के दौरान सोने की चैन, मंगलसूत्र, नकदी और अन्य सामान छीनने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
कादीपुर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं — 333, 109(1), 115(2), 118(2), 352, 351(3), 74 एवं 309(4) सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर में विजय कुमार उपाध्याय, अंकिका प्रसाद, विनय कुमार, विपिन, सचिन, अंकित, प्रिंस कुमार, अभिषेक दीक्षित, सरोज, उषा, उर्मिला, गोल्डी व गोली को नामजद किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रामेन्द्र वर्मा को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
