आज का मौसम 28 मई: 20 घंटे के अंदर 15 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट, 70 KM की रफ्तार से चलेगी हवा
ग्रामोदय टाइम्स | मौसम विशेष

देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग (IMD) ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। अगले 20 घंटे के अंदर 15 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस बदलाव से दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम का मिजाज
दिल्ली-एनसीआर में 28 से 31 मई तक मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 8 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
28 मई को हल्की बारिश, गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
29 और 30 मई को भी बादल छाए रहने, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर समेत कई जिलों में 28 से 31 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 29 मई को कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
बिहार में तापमान गिरेगा
बिहार के उत्तर मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया गया है। पटना मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। हालांकि न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
मानसून को लेकर भी बड़ी अपडेट
केरल में मानसून भले ही तय तारीख 26 मई को नहीं पहुंचा, लेकिन दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में मानसून आगे बढ़ चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में मानसून और तेजी से आगे बढ़ सकता है।
लोगों को राहत, लेकिन सावधानी जरूरी
तेज आंधी और बारिश से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।
संभावित प्रभावित राज्य
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर सहित 15 राज्यों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
