प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत: प्रेमी को घर बुलाकर की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार।

0

जनपद फतेहपुर की बकेवर पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग से उपजी रंजिश में एक युवक की हत्या कर उसके शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया। मामले में पुलिस ने मानव अवशेष, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन के अवशेष, आरी, ग्राइंडर ब्लेड सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक फतेहपुर के अनुसार, 31 मई 2026 को बकेवर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी इन्द्रपाल निषाद ने अपने पुत्र विजय निषाद के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विजय का हमीरपुर जनपद के मनकी गांव निवासी किरण देवी से संपर्क था और इसी को लेकर उसके साथ अनहोनी की आशंका जताई गई थी।जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस, साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी कामता निषाद और उसकी पत्नी किरण देवी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि विजय निषाद और किरण देवी के बीच पिछले करीब आठ माह से प्रेम संबंध थे। इस संबंध की जानकारी होने पर किरण के पति कामता निषाद ने विजय को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।पुलिस के मुताबिक, 8 मई 2026 को किरण देवी ने विजय को मिलने के बहाने अपने घर बुलाया। घर पहुंचने पर पहले से मौजूद कामता निषाद ने लकड़ी के चौखट से उसके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को छिपाने तथा साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।आरोपियों ने शव को बोरे में भरने की कोशिश की, लेकिन शव अकड़ जाने के कारण उसके पैरों को आरी और ग्राइंडर मशीन की सहायता से काटकर मोड़ा गया। बाद में शव को मोटरसाइकिल से कानपुर नगर के रैना थाना क्षेत्र के जंगल में ले जाकर जला दिया गया। पहचान मिटाने के उद्देश्य से मृतक के दस्तावेज, मोबाइल, चश्मा और अन्य सामान भी अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए गए।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मानव कंकाल एवं अन्य अवशेष, मृतक की मोटरसाइकिल, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, जूते, ताबीज, मोबाइल के अवशेष, आरी और ग्राइंडर ब्लेड बरामद किए हैं।मामले के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।यह हत्याकांड प्रेम प्रसंग, विश्वासघात और साक्ष्य मिटाने की सुनियोजित कोशिश के कारण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed