
प्रतिष्ठित कंपनियों के CEO बनकर करोड़ों की साइबर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
बस्ती पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। प्रतिष्ठित कंपनियों के डायरेक्टर एवं CEO का प्रतिरूपण (Impersonation) कर बैंक शाखा प्रबंधकों को WhatsApp कॉल और मैसेज के माध्यम से झांसे में लेकर विभिन्न राज्यों में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गैंग के एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन मिश्रा पुत्र हरिकेश मिश्रा, निवासी थाना क्षेत्र मनकापुर, जनपद गोंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर बैंक अधिकारियों को तत्काल भुगतान या धनराशि ट्रांसफर करने के लिए गुमराह करता था। इस गिरोह ने विभिन्न राज्यों में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (CO) सदर ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। बस्ती पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
