
लखनऊ। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री रोहित मिश्रा का रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित 1090 चौराहा पर युवा भाजपा नेता प्रशांत पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
स्वागत समारोह के दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री रोहित मिश्रा से कार्यकर्ताओं ने आत्मीय शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के कार्यों में पूरी निष्ठा के साथ जुटे रहने का आह्वान किया। साथ ही अपने स्नेहिल आशीर्वाद एवं अमूल्य मार्गदर्शन से युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
युवा भाजपा नेता प्रशांत पटेल ने प्रदेश अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ “न रुकेंगे, न थकेंगे; हर लक्ष्य को फतह करेंगे” का उद्घोष किया। वातावरण भारत माता के जयघोष और संगठन के नारों से गूंज उठा।
प्रदेश अध्यक्ष श्री रोहित मिश्रा ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा एवं भाजयुमो के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, संगठन सशक्तीकरण और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ।
