
सुल्तानपुर। किसानों की फसलों को नीलगाय/वनरोज और आवारा पशुओं से हो रहे नुकसान के मुद्दे को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने आवाज बुलंद की। जिला अध्यक्ष रामविलास मौर्या के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर खंड विकास अधिकारी कूरेभार को मांग-पत्र सौंपा।
मांग-पत्र में कहा गया कि नीलगाय/वनरोज द्वारा किसानों की फसलों को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। वहीं आवारा पशु भी खेतों में पहुंचकर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं।
भारतीय किसान यूनियन ने प्रशासन से मांग की कि आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित किया जाए और किसानों की फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला अध्यक्ष रामविलास मौर्या ने किसानों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि किसान की मेहनत से तैयार फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
अब देखना होगा कि किसानों की इन मांगों पर प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
