वाराणसी। वाराणसी पुलिस ने चोलापुर थाना क्षेत्र से पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) बताने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से रुपये लेने और विरोध करने पर उन्हें जेल भेजने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान राजन (22 वर्ष), निवासी इंदरपुर, थाना शिवपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर रिश्तेदारों और परिचितों पर रौब जमाता था। आरोप है कि वह सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लोगों से धनराशि लेता था और जब लोग नौकरी या अपने पैसे की मांग करते थे, तो उन्हें पुलिस कार्रवाई और जेल भेजने की धमकी देता था।
शिकायत मिलने के बाद चोलापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस वर्दी और अन्य संबंधित सामग्री की भी जांच की जा रही है।
चोलापुर थाना प्रभारी सधुबन राम गौतम ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने कितने लोगों से ठगी की है और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी इस मामले में शामिल है या नहीं। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *