
नई दिल्ली/गाजियाबाद: भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी दिल्ली में सेंध लगाने की एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश को नाकाम करते हुए पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गाजियाबाद पुलिस की सतर्कता से खुलासा हुआ है कि सीमा पार बैठे आकाओं के इशारे पर दिल्ली कैंट और सोनीपत जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर सोलर-पावर्ड हाई-डेफिनेशन कैमरे लगाए गए थे। इन कैमरों में लगे सिम कार्ड के जरिए प्लेटफार्म और ट्रेनों की पल-पल की लाइव फीड सीधे पाकिस्तान भेजी जा रही थी, ताकि भारतीय सेना के मूवमेंट और हथियारों की सप्लाई पर नजर रखी जा सके। इस मामले में मेरठ और गाजियाबाद से मास्टरमाइंड सोहेल मलिक और इरम उर्फ महक सहित कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो पैसों का लालच देकर स्थानीय युवाओं को इस राष्ट्र विरोधी काम में इस्तेमाल कर रहे थे। सुरक्षा एजेंसियां अब इस गहरे नेटवर्क के अन्य स्लीपर सेल्स की तलाश में जुटी हैं।
