“धैर्य और रणनीति हो तो औसत छात्र भी रच सकता है इतिहास” — नायब तहसीलदार सरोज वर्मा
बभनान (बस्ती/गोंडा) | ग्रामोदय टाइम्स ब्यूरो साक्षात्कार: आर टी वर्मा (प्रधान संपादक)

जब इरादे फौलादी हों और लक्ष्य अर्जुन की मछली की आँख की तरह स्पष्ट हो, तो अभावों की बेड़ियाँ खुद-ब-खुद टूट जाती हैं। जनपद बस्ती के विकास खंड गौर अंतर्गत ग्राम पंचायत माझा मानपुर की बेटी सरोज वर्मा ने UPPCS-2024 में नायब तहसीलदार बनकर इसे सच कर दिखाया है।
हाल ही में ग्रामोदय टाइम्स के प्रधान संपादक आर टी वर्मा ने नवनियुक्त अधिकारी सरोज वर्मा से उनके संघर्ष, रणनीति और सफलता के गूढ़ रहस्यों पर एक विशेष ‘एक्सक्लूसिव’ साक्षात्कार किया।
📍 सफलता का ‘गोल्डन रूल’: क्या न पढ़ें, यह जानना है जरूरी
साक्षात्कार के दौरान सरोज वर्मा ने प्रतियोगी छात्रों के लिए बड़ी बात कही। उन्होंने बताया कि अक्सर छात्र पढ़ाई के बोझ तले दब जाते हैं, जबकि सफलता के लिए “Selective Study” अनिवार्य है। उन्होंने कहा, “अभ्यर्थी को सबसे पहले यह स्पष्ट होना चाहिए कि उसे क्या पढ़ना है और उससे भी ज्यादा यह कि क्या नहीं पढ़ना है।”
📍 5वें प्रयास की तपस्या और ‘सेल्फ मोटिवेशन’
सरोज की यह सफलता रातों-रात नहीं मिली। यह उनके 5वें प्रयास का परिणाम है। उन्होंने साझा किया कि तैयारी के लंबे दौर में ‘धैर्य’ और ‘सेल्फ मोटिवेशन’ ही सबसे काम आते हैं। उनके अनुसार, तैयारी करने वाले हर छात्र को सफलता और असफलता दोनों के लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए, क्योंकि गिरकर संभलने वाला ही बाजीगर कहलाता है।
📍 गाँव बनाम शहर: संसाधनों की जंग
एक साधारण कृषक परिवार (पिता श्री राम सजन वर्मा) से ताल्लुक रखने वाली सरोज ने बताया कि गाँव और शहर की तैयारी में केवल संसाधनों (Resources) का अंतर है, प्रतिभा का नहीं। आज के दौर में सही रणनीति और निरंतरता के साथ कोई भी औसत छात्र फैक्ट्स और कॉन्सेप्ट को क्लियर करके प्रशासनिक अधिकारी बन सकता है। उन्होंने मुख्य परीक्षा के लिए ‘To the Point’ लेखन शैली को सफलता का मूल मंत्र बताया।
🚩 बभनान में ऐतिहासिक स्वागत: उमड़ा जनसैलाब
सरोज वर्मा के प्रथम आगमन पर बभनान रेलवे स्टेशन पर जो नजारा दिखा, वह वर्षों तक याद रखा जाएगा। मनवर संगम एक्सप्रेस से उतरते ही सैकड़ों गाड़ियों के काफिले और हजारों समर्थकों ने अपनी लाडली का स्वागत किया।
विधायक की गरिमामयी उपस्थिति: क्षेत्रीय विधायक माननीय श्री कविन्द्र चौधरी जी ने स्वयं मौके पर पहुँचकर सरोज वर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। विधायक जी ने कहा, “सरोज ने अभावों के बीच जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह क्षेत्र की हर बेटी और युवा के लिए एक मशाल की तरह है।”
प्रमुख सहभागी: इस विजय यात्रा में राम सिंह पटेल, ग्राम प्रधान सुभाष चन्द्र चौधरी, राम कुमार पटेल, संजय, मस्त राम पटेल, नीरज पटेल, टाइगर यादव सहित हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल रहे।
“सरोज वर्मा की सफलता केवल एक पद की प्राप्ति नहीं है, बल्कि यह उन सभी ग्रामीण मेधावियों की जीत है जो सीमित संसाधनों में बड़े सपने देखने का साहस करते हैं। ग्रामोदय टाइम्स इस गौरवशाली क्षण का साक्षी बनकर गौरवान्वित है।” > — आर टी वर्मा (प्रधान संपादक, ग्रामोदय टाइम्स)
