
बभनान (बस्ती/गोंडा)। ‘हौसलों के तरकश में कोशिश का वो तीर जिंदा रख, हार जाए चाहे जिंदगी में सब कुछ मगर फिर से जीतने की उम्मीद जिंदा रख।’ इन पंक्तियों को चरितार्थ कर दिखाया है बस्ती जनपद के गौर विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत माझा मानपुर की बेटी सरोज वर्मा ने। अभावों के बीच पली-बढ़ी सरोज ने UPPCS-2024 की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर नायब तहसीलदार के पद पर चयनित होकर पूरे जनपद का मान बढ़ाया है।
विधायक कविन्द्र चौधरी ने दी शुभकामनाएं।
क्षेत्र की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक माननीय श्री कविन्द्र चौधरी जी ने स्वयं मौके पर पहुँचकर सरोज वर्मा को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। विधायक जी ने इस अवसर पर कहा कि सरोज ने अपनी कड़ी मेहनत से न केवल अपने माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा पेश की है।
ऐतिहासिक स्वागत और भव्य जुलूस ।
सफलता के बाद प्रथम आगमन पर सरोज वर्मा का स्वागत किसी उत्सव की तरह हुआ। जैसे ही वह मनवर संगम एक्सप्रेस से बभनान रेलवे स्टेशन पहुँचीं, सैकड़ों गाड़ियों के काफिले और हजारों समर्थकों ने उनका अभिनंदन किया। स्टेशन से उनके पैतृक आवास तक भव्य जुलूस निकाला गया, जहाँ फूलों की वर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ समूचा क्षेत्र अपनी लाडली के स्वागत में उमड़ पड़ा।
साधारण परिवार से प्रशासनिक सेवा तक का सफर ।
सरोज के पिता श्री राम सजन वर्मा कृषि के साथ निजी नौकरी कर परिवार को सहारा देते हैं। H.L.V. इंटर कॉलेज, हलुआ और आचार्य नरेन्द्र देव किसान पी.जी. कॉलेज, बभनान से शिक्षा प्राप्त करने वाली सरोज ने 2016 से दिल्ली और प्रयागराज में रहकर अपनी तैयारी को मुकाम तक पहुँचाया।इस दौरान राम सिंह पटेल, ग्राम प्रधान सुभाष चन्द्र चौधरी, राम कुमार पटेल, संजय, मस्त राम पटेल, नीरज पटेल, टाइगर यादव समेत हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: ग्रामोदय टाइम्स ब्यूरो ।
