
गोंडा। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से आचार्य नरेन्द्र देव कॉलेज ऑफ फार्मेसी के ढढौवा स्थित छात्रावास परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज परिवार, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
इस अवसर पर डॉ. हरीश गुप्ता, डॉ. रामेश्वर, श्री शिवराम तिवारी, अंकित तिवारी, डॉ. करूणा, मोहम्मद युनूस, ऋषिकेश चौधरी, रमेश चौबे, घनश्याम तिवारी, ओम प्रकाश, रामू, अनीस भट्ट, शिवानंद तथा आशुतोष पाण्डेय सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने छात्रावास परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत ढढौवा के प्रधान आर. टी. वर्मा भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। छात्रावास परिसर में आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान हरित वातावरण के निर्माण और प्रकृति संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।
