
ब्यूरो रिपोर्ट -अमन वर्मा
गोंडा/छपिया। थाना छपिया पुलिस ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच गायब हुए कुल 18 अदद मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सुपुर्द किए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 1,93,200 रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोण्डा, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) व क्षेत्राधिकारी मनकापुर के निर्देशन में की गई। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार के नेतृत्व में छपिया पुलिस व सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल हृदय नारायण दीक्षित ने अथक प्रयास कर REALME, SAMSUNG, VIVO, OPPO, ONEPLUS और TECNO जैसी कंपनियों के मोबाइल बरामद किए।
मोबाइल वापस पाने वालों में पिकौराबुजुर्ग के हिमांशु मिश्रा, हरनाडाबर बस्ती के अर्जुन यादव, ककरघटा की सुमन वर्मा, बनरही के बालमुकुंद उपाध्याय सहित 18 लोग शामिल हैं। अपना खोया फोन वापस पाकर लाभार्थियों ने गोण्डा पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की और आभार जताया।
थाना छपिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें। फोन चोरी या गुम होने पर तुरंत थाने पर सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार, का0 अतुल उपाध्याय व अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका अहम रही।
